भिलाई में शुरू हुआ ABVP का प्रांतीय अधिवेशन

भिलाई में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय अधिवेशन की भव्य शुरुआत हुई।
सेक्टर–6 स्थित कला मंदिर में आयोजित यह अधिवेशन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

अधिवेशन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के डिप्टी मुख्यमंत्री अरूण साव ने किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुनिया का सबसे बड़ा और अनोखा छात्र संगठन है, जो पिछले 76 वर्षों से निरंतर राष्ट्र और छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाता आ रहा है।

उन्होंने कहा कि परिषद ने केवल छात्रों की समस्याओं तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि देश और समाज से जुड़े कई ज्वलंत विषयों पर भी मुखर होकर आवाज़ बुलंद की है
डिप्टी सीएम अरूण साव ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि वे स्वयं भी अपने छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का हिस्सा रहे हैं।

इस प्रांतीय अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी, प्रदेश अध्यक्ष विकास पांडेय और प्रदेश मंत्री अनंत सोनी ने भी उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले यहां विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें संगठन के इतिहास, विचारधारा और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
इस वर्ष आयोजित प्रांतीय अधिवेशन का नाम भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि यह अधिवेशन 21 दिसंबर तक चलेगा, जिसके दौरान संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ विभिन्न सत्रों में छात्रहित और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर मंथन किया जाएगा।

By editor