दुर्ग शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है…
जहां बॉयज हॉस्टल की आड़ में कथित तौर पर अवैध पनीर कारोबार चलाए जाने का बड़ा खुलासा हुआ है।
खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शैल देवी कॉलेज के पास स्थित त्रिमूर्ति बॉयज हॉस्टल में दबिश देकर इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
बताया जा रहा है कि हॉस्टल परिसर में बड़े पैमाने पर पनीर का अवैध स्टोरेज और सप्लाई की जा रही थी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरा कारोबार बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा था।
सूचना मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने अचानक हॉस्टल परिसर में छापा मारा।
जैसे ही अधिकारी मौके पर पहुंचे, वहां हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 140 किलो पनीर जब्त किया है।
लेकिन कार्रवाई के दौरान जो चीजें बरामद हुईं, उन्होंने अधिकारियों को भी चौंका दिया।
मौके से नोट गिनने वाली मशीन और एक तिजोरी भी बरामद की गई है।
जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कारोबार छोटे स्तर का नहीं बल्कि बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा था।
सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों के पहुंचने से पहले भारी मात्रा में माल को वहां से हटाया जा चुका था।
यानी कार्रवाई की भनक पहले ही कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंच गई थी।
जानकारी के अनुसार इस अवैध नेटवर्क के जरिए शहर के कई इलाकों में पनीर की सप्लाई की जा रही थी।
अब यह सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर इस पनीर की गुणवत्ता क्या थी…
और क्या लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था?
कार्रवाई के दौरान संचालक संयम जैन से पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने अवैध भंडारण की बात स्वीकार की है।
खाद्य विभाग ने मौके से जब्त किए गए पनीर के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है।
अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पनीर सुरक्षित था या उसमें किसी तरह की मिलावट की गई थी।
यदि जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आती है, तो संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
इस पूरे मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है…
क्योंकि जिस जगह छात्रों के रहने की व्यवस्था होनी चाहिए थी, वहां कथित तौर पर करोड़ों का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
फिलहाल खाद्य विभाग मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
दुर्ग में सामने आया यह मामला एक बार फिर खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और मिलावटी सामान के बढ़ते अवैध कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है…

