नेहरू भवन रोड स्थित मंदिर से डेढ़ से दो लाख की चोरी

भिलाई से एक बड़ी खबर सामने आई है,
जहां चोरों ने आस्था के केंद्र को ही निशाना बना डाला।

सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू भवन रोड स्थित काली माता मंदिर में
अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में रखी दान पेटी को तोड़कर
उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का खुलासा उस वक्त हुआ,
जब रोज़ की तरह सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए
पंडित जी मंदिर खोलने पहुंचे।
मंदिर का ताला तो सुरक्षित था,
लेकिन भीतर रखी दान पेटी खुली हुई थी
और उसमें रखे रुपये पूरी तरह गायब पाए गए।

मंदिर समिति के अनुसार,
यह दान पेटी पिछले करीब 6 वर्षों से बंद थी,
जिसे हाल ही में खोला जाना था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि
दान पेटी में डेढ़ से दो लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी,
जिसे चोर चोरी कर ले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही
मंदिर समिति ने तत्काल सुपेला थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची,
मंदिर परिसर का निरीक्षण किया
और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर
जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है
और जल्द ही आरोपियों की पहचान करने का दावा कर रही है।

इस घटना के बाद से
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है,
और यह देखने वाली बात होगी
कि आस्था पर वार करने वाले चोर
कब पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।

By editor