दुर्ग के भीड़भाड़ वाले शनिचरी बाजार में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, स्कोर्पियो वाहन का चालक कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान उसने तेज़ रफ़्तार में सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार ठोकर मार दी।
हादसे में एक 9 वर्षीय बच्चे सहित कुल तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक बाजार में ही शराब पीते-पीते गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो स्कोर्पियो के डैशबोर्ड से आधी भरी शराब की बोतल और खाने के सामान के पैकेट मिले।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बाज़ार क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला है।

