भिलाई के छावनी क्षेत्र से एक बार फिर चाकूबाजी और बदमाशों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है…
जहां जेल से छूटकर आए बदमाश ने पुरानी रंजिश और गवाही का बदला लेने के लिए दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया…
लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
इतना ही नहीं…
इलाके में फैली दहशत को खत्म करने के लिए पुलिस ने आरोपियों का उसी मोहल्ले में जुलूस भी निकाला और सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक करवाई।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी शेख शाहरुख हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था।
जेल से बाहर आने के बाद उसने पुरानी दुश्मनी निकालने की योजना बनाई।
आरोप है कि शाहरुख ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दो युवकों को निशाना बनाया।
पुरानी रंजिश और पहले दिए गए बयान की नाराजगी को लेकर आरोपियों ने दोनों युवकों को घेर लिया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी शेख शाहरुख ने धारदार चाकू निकालकर हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवक घायल हो गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस तत्काल हरकत में आई।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शेख शाहरुख और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को सीधे उसी इलाके में लेकर पहुंची, जहां उन्होंने दहशत फैलाई थी।
इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों का मोहल्ले में पैदल जुलूस निकाला।
इलाके के लोगों के सामने आरोपियों से उठक-बैठक भी लगवाई गई…
ताकि आम जनता में यह संदेश जाए कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए।
इलाके में दिनभर इसी घटना की चर्चा होती रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध और बदमाशों के बढ़ते आतंक को रोकने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया…
जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है और यह जांच की जा रही है कि वे पहले किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।
भिलाई में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और गैंगवार जैसी घटनाएं शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर रही हैं…
लेकिन पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद बदमाशों में डर का माहौल भी देखने को मिल रहा है।

