किराना दुकान में हथियार के दम पर लूट!

भिलाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है…
जहां किराना दुकान में घुसकर बदमाशों ने धारदार हथियार के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

हालांकि घटना के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दुकान संचालक को धमकाकर गल्ले से करीब 5 हजार 100 रुपये लूट लिए थे।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था…
लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो गई।

जानकारी के मुताबिक घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है।
जहां एक किराना दुकान पर चार युवक पहुंचे थे।

शुरुआत में आरोपियों ने दुकान में चाय-नाश्ता किया…
लेकिन जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो आरोपी भड़क गए।

आरोप है कि चारों युवकों ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर धारदार हथियार निकालकर उसे डराने-धमकाने लगे।

इसके बाद आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखे 5 हजार 100 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीम रवाना की गई।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले।
इसके बाद घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

इस पूरी कार्रवाई में पुरानी भिलाई पुलिस की टीम ने तेजी और सतर्कता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मामला सुलझा लिया।

गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया…
जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है…
ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

भिलाई में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की यह कार्रवाई राहत देने वाली जरूर मानी जा रही है…
लेकिन सवाल यह भी है कि आखिर शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद क्यों होते जा रहे हैं?

By editor