स्मृति नगर के रेस्टोरेंट में भीषण आग

भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में स्थित गाइस रेस्टोरेंट, जिसका संचालन श्री गौरव सचदेव द्वारा किया जा रहा है, में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अचानक रेस्टोरेंट के किचन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों द्वारा अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक टीम बिना देर किए मौके के लिए रवाना हुई। आग की तीव्रता को देखते हुए हालात गंभीर बनते जा रहे थे, लेकिन समय पर पहुंची दमकल टीम ने मोर्चा संभाल लिया।

अग्निशमन कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्टोरेंट के भीतर प्रवेश किया और सीधे किचन क्षेत्र में लगी आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। करीब एक गाड़ी पानी की मदद से आग को नियंत्रित किया गया और उसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

हालांकि इस हादसे में रेस्टोरेंट के अंदर रखा दो फ्रिज, एक एसी, तंदूरी ओवन और अन्य कई कीमती सामान जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की तत्परता, समन्वय और साहस के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। मौके पर पहुंची टीम ने सुव्यवस्थित तरीके से राहत एवं नियंत्रण कार्य को अंजाम दिया, जिससे स्थिति जल्द सामान्य हो सकी।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि किचन में शॉर्ट सर्किट या गैस लीकेज की वजह से आग लगी हो सकती है।

समय पर कार्रवाई और दमकल कर्मियों की बहादुरी ने एक बड़े हादसे को टाल दिया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By editor