दुर्ग ज़िले के सेक्टर 6 स्थित महिला थाना में संचालित पारिवारिक परामर्श केंद्र अब केवल महिलाओं की समस्याओं के समाधान का प्लेटफॉर्म नहीं रहा, बल्कि पुरुषों के लिए भी उम्मीद की नई राह खोल रहा है। पहली बार इस केंद्र में पुरुषों के लिए विशेष काउंसलिंग की शुरुआत की गई है। अब तक यहां केवल महिला काउंसलर ही बैठती थीं, लेकिन बढ़ते मामलों को देखते हुए आज से एक पुरुष काउंसलर की भी नियुक्ति की गई है। यह पहल प्रदेश में पहली बार किसी जिले में लागू की गई है, जो परिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बीते दिनों पुरुषों द्वारा प्रताड़ना की बढ़ती शिकायतों ने विभाग को इस दिशा में कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के विवादों में दोनों पक्षों को सुनना बेहद आवश्यक है, क्योंकि समय रहते विवादों को रोक दिया जाए तो मामला आगे बढ़ने से पहले ही सुलझ सकता है। एसएसपी ने यह भी बताया कि संयुक्त परिवारों में तनाव और विवाद की स्थितियां पहले के मुकाबले अधिक बढ़ रही हैं, जिससे परिवारिक परामर्श केंद्र की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। पुरुष काउंसलर की नियुक्ति से उन मामलों में संतुलित परामर्श मिल सकेगा जहां पुरुष भी सहायता और मार्गदर्शन चाहते हैं। केंद्र की कोशिश रहेगी कि परिवारों को टूटने से बचाया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें कानूनी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। इस नई व्यवस्था से उम्मीद है कि अधिक से अधिक विवाद प्रारंभिक स्तर पर ही सुलझ जाएंगे और परिवारिक संबंध मजबूत होंगे।
सेक्टर-6 महिला थाना के परामर्श केंद्र में नई पहल — अब पुरुषों की भी काउंसलिंग

