भिलाई तीन चरोदा नगर निगम में लापरवाही भ्रष्टाचार अनियमित आदि को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियो ने निगम परिसर में निगम प्रशासन का पुतला भी जलाया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर निगम आयुक्त के बीच काफी देर तक चर्चा भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं में नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से वृहद पेयजल योजना का कार्य अभी तक अधूरा रहने, भिलाई तीन चरोदा के सभी वार्डों में पानी की समस्या, पट्टा वितरण में भाजपा पार्षदों के साथ भेदभाव, सफाई व्यवस्था का बदहाल होना, बदहाल सड़कों, भूमाफियाओं द्वारा अवैध प्लाटिंग करने, लोगों के कार्यों में ढिलाई और घूसखोरी, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने, टेंडर में कमीशन खोरी, ठेकेदारों से अवैध वसूली शासकीय भूमिका गलत तरीके से आवंटन, रसूखदार परिवारों को ठेका देने, मिशन क्लीन सिटी के तहत शासन से मिलने वाली राशि का दुरुपयोग आदि को दर्शाया गया था। नगर निगम आयुक्त डीएस राजपूत ने कहा कि भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सोपा है समस्याओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।

