छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल), दुर्ग क्षेत्र द्वारा साइंस कॉलेज दुर्ग परिसर स्थित राधाकृष्ण सभागार में एक भव्य क्षेत्रीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव रहे जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजन में उपस्थित सभी मंचस्त अतिथियों का स्वागत सम्मान पुष्प कुछ देकर किया गया। तत्पश्चात अपने संबोधन में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य गठन के बाद इन 25 वर्षों में यदि छत्तीसगढ़ ने किसी क्षेत्र में सर्वाधिक प्रगति की है, तो वह ऊर्जा का क्षेत्र है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य गठन के समय हमारे पास मात्र 74,000 कृषक उपभोक्ता थे, जो आज बढ़कर 8.5 लाख हो चुके हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ कृषि और ऊर्जा के समन्वय से कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर जोर देते हुए कहा कि हमें अब ऊर्जा के नए विकल्पों की ओर बढ़ना होगा ताकि उपभोक्ताओं को बिजली बिल से मुक्ति मिल सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक (दुर्ग ग्रामीण) ललित चंद्राकर ने ऊर्जा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। विशिष्ट अतिथी के रुप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्ग श्रीमती सरस्वती बंजारे ने अपने उद्बोधन में लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया एवं 25 वर्षाें में हुए विद्युत विकास की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत में भूमिका बताते हुए सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने दुर्ग क्षेत्र में 25 वर्षाें में हुए विद्युत विकास को साझा किया। समारोह में विभाग के प्रति समर्पित सेवा देने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, समय पर बिल भुगतान करने वाले और ऊर्जा संरक्षण अपनाने वाले आदर्श घरेलू, कृषि व बीपीएल उपभोक्ताओं सहित सर्वप्रथम सौर ऊर्जा अपनाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सीएसपीडीसीएल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना अपने शब्दों में की और सीएसपीडीसीएल के द्वारा उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं को सबसे बेहतरीन बताया वही सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल नेवी आयोजन की संपूर्ण जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराई है कार्यक्रम में ओपन चित्रकला प्रतियोगिता, साइंस कॉलेज में आयोजित नारा लेखन, निबंध लेखन एवं प्रष्नोत्तरी प्रतियोगिता भी कराई गई थी एवं इसकी प्रदर्शनी भी आयोजित की गई थी जिसे देखने लोगों ने अपनी रुचि दिखाई और इन प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को भी पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभाग द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जहां पीएम सूर्यघर योजना के लिए ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा और तकनीकी मार्गदर्शन के लिए विशेषज्ञ डेस्क उपलब्ध रहे। इस अवसर पर विशेष अतिथि साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ अजय कुमार सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता व विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।

