दुर्ग जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है… जहां कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज के मरम्मत कार्य को लेकर पूरे महीने की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले इस मरम्मत कार्य के दौरान प्रशासन द्वारा व्यापक डायवर्सन प्लान लागू किया जाएगा… ताकि यातायात सुचारू बना रहे और आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
इस संबंध में 24 मार्च को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई… जो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस विभाग, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सभी संभावित डायवर्सन मार्गों का गहन परीक्षण किया गया… यातायात दबाव, सड़कों की स्थिति और संभावित जाम वाले बिंदुओं का आकलन करते हुए एक विस्तृत योजना तैयार की गई।
प्रशासन ने साफ किया है कि इस दौरान हल्के, मध्यम और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
हल्के वाहनों के लिए दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले चालकों को नेवई-उतई, सेलूद, पाटन और अभनपुर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है… वहीं सुपेला, भिलाई और रिसाली से निकलने वाले वाहन उतई, ढौर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचेंगे।
खुर्सीपार, चरोदा और भिलाई-3 से जाने वाले वाहन सिरसा गेट और मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करेंगे… जबकि कुम्हारी और आसपास के क्षेत्रों के वाहन टोल पार कर दाहिने पुल से सीमित आवागमन कर सकेंगे।
वहीं रायपुर से दुर्ग की ओर आने वाले हल्के वाहनों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं… जिसमें चंदनीडीह, पुराना रपटा पुल और महादेवघाट होते हुए वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध कराए गए हैं।
अगर बात करें भारी और मध्यम वाहनों की… तो उनके लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कई मार्गों पर समय-सीमा के अनुसार वाहनों को रोका जाएगा… ताकि ब्रिज पर दबाव कम किया जा सके।
राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को सुबह निर्धारित समय में बाफना टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा… वहीं महासमुंद और बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी शाम के समय रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा भिलाई औद्योगिक क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहनों के लिए भी समय-सीमा तय की गई है… ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने।
निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि मरम्मत कार्य के दौरान 24 घंटे प्रशिक्षित वालेंटियर तैनात किए जाएं… साथ ही कुम्हारी ब्रिज, सिरसा गेट और अमलेश्वर क्षेत्र में क्रेन की व्यवस्था रखी जाए… ताकि खराब वाहनों को तुरंत हटाया जा सके।
सभी डायवर्सन पॉइंट पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश फ्लेक्स लगाए जाएंगे… और यातायात पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल तैनात कर निगरानी की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कुम्हारी मार्ग का उपयोग करने से बचें… और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही पालन करें… ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके।
अब देखना होगा कि इस एक महीने की इस व्यवस्था में प्रशासन कितनी सफलता हासिल करता है… और लोगों को कितनी राहत मिल पाती है।

