भिलाई के नेहरू नगर स्थित योगा गार्डन में हनुमान जी की मूर्ति हटाए जाने को लेकर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
इस पूरे मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निगम प्रशासन ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, और इसी को लेकर उन्होंने निगम आयुक्त, जोन आयुक्त और महापौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
बताया जा रहा है कि हनुमान जन्मोत्सव से ठीक एक दिन पहले रातों-रात योगा गार्डन में हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी।
लेकिन अगले ही दिन नगर निगम की टीम ने इसे अवैध कब्जा बताते हुए हटाने की कार्रवाई कर दी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम परिसर को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया,
जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
फिलहाल मामला काफी संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अब देखना होगा कि इस विवाद में आगे क्या कार्रवाई होती है और क्या मांगें पूरी की जाती हैं।

