सांसद विजय बघेल पर अभद्र टिप्पणी से भड़की भाजपा

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भिलाई नगर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, पार्षद संतोष मौर्य समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में स्पष्ट तौर पर मांग की गई कि सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह ने इस दौरान कहा कि जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस प्रकार की अमर्यादित भाषा न सिर्फ अस्वीकार्य है, बल्कि इससे समाज में गलत संदेश भी जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

By editor