शिवनाथ नदी तट पर एसडीआरएफ–एनडीआरएफ का संयुक्त अभ्यास

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर आज शिवनाथ नदी के तट पर राज्य स्तरीय मॉकड्रिल आयोजित की गई।
इस मॉकड्रिल में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान का प्रदर्शन किया।

अभ्यास के दौरान बाढ़ की वास्तविक स्थिति को दर्शाते हुए दिखाया गया कि किस तरह गाँव में पानी भरने से लोग फँस जाते हैं और किस तरह उन्हें सुरक्षित निकाला जाता है।
इस दौरान चालीस से अधिक ग्रामीणों को नदी के बहाव से बचाया गया, वहीं पेड़ों में फँसे लोगों को विशेष तकनीक से रेस्क्यू किया गया।
इसके अलावा पुल टूटने की स्थिति में बचाव अभियान और पीड़ितों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल तक पहुँचाने तथा राहत शिविरों में ठहराव की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया।

टीमों ने नाव संचालन, डिप डाइविंग और अन्य तकनीकों का प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारियों और मौजूद नागरिकों को आपदा प्रबंधन की तैयारियों से अवगत कराया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि इस मॉकड्रिल का उद्देश्य है कि वास्तविक बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम देने की तैयारी रहे।
उन्होंने जनता से अपील की कि भारी बारिश के दौरान नदी किनारे जाने से बचें, क्योंकि आपदा से बचाव केवल प्रशासन ही नहीं बल्कि जनजागरूकता पर भी निर्भर करता है।

By editor