भिलाई में रिटेंशन के मुद्दे को लेकर आज सेवानिवृत्त कर्मियों का आक्रोश और एकजुटता खुलकर सामने आई।
भिलाई इस्पात संयंत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संगठन कार्मिक कल्याण संघ के बैनर तले सोमवार को एक विशाल जनजागरण बाइक रैली निकाली गई।
दोपहर ठीक 3 बजकर 30 मिनट पर सेक्टर-10 मार्केट स्थित दुर्गा मैदान से रैली की शुरुआत हुई। संगठन के अध्यक्ष सुरेश चंद के नेतृत्व में निकली इस रैली में 62 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक के वरिष्ठ कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अपने हक और अधिकारों की मांग को लेकर ये पूर्व कर्मचारी बाइक पर सवार होकर शहर की सड़कों पर उतरे और रिटेंशन के मुद्दे पर जनसमर्थन जुटाया।
रैली सेक्टर-10 एबी मार्केट, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-8 मार्केट, सेक्टर-7 मार्केट, एमजीएम स्कूल रोड होते हुए सेक्टर-6 ए मार्केट पहुंची। हर पड़ाव पर बाजार के व्यापारियों ने फूल बरसाकर इन वरिष्ठ कर्मियों का भव्य स्वागत किया। व्यापारी संघ के संरक्षक रामकृष्ण मुंदड़ा और ज्ञानचंद बाकलीवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने समर्थन जताया और एकजुटता का संदेश दिया।
इसके बाद रैली सेक्टर-6 से होते हुए सेक्टर-2 और सेक्टर-1 मार्केट पहुंची, जहां श्रीनिवास खेड़िया और प्रदीप बाकलीवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्वागत किया। मंडेला चौक से गुजरते हुए रैली सेक्टर-4 मार्केट पहुंची। यहां सतीश बंछोर और करमजीत गगन के नेतृत्व में बाजार संघ ने जोरदार अभिनंदन किया।
सेक्टर-5 और न्यू सिविक सेंटर से होते हुए अंततः होटल हरिराज के पास रैली का समापन हुआ। करीब दो घंटे तक चली इस बाइक रैली के दौरान शहर भर में “भिलाई को हमने बसाया है, भिलाई को हम बचाएंगे” के नारों की गूंज सुनाई देती रही।
संस्था के अध्यक्ष सुरेश चंद ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि भिलाई की अस्मिता और वरिष्ठ कर्मियों के सम्मान की रक्षा के लिए है। उन्होंने शहरवासियों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में मोहम्मद रफी, सुमन कन्नौजे, स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, रामकुमार गुप्ता और सुरेश रतनानी का विशेष योगदान रहा। वहीं ब्रह्मदेव पटेल, अशोक मिश्रा, भवानी शंकर शर्मा, रजनीकांत और राधाकांत सहित अनेक श्रमिक नेता भी रैली में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष सुरेश चंद और ज्ञानचंद जैन ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। सुमन कन्नौजे और मोहम्मद रफी ने सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
रिटेंशन के मुद्दे पर यह जनजागरण रैली स्पष्ट संकेत दे गई कि भिलाई के सेवानिवृत्त कर्मचारी अब अपने अधिकारों को लेकर निर्णायक लड़ाई के मूड में हैं।

