भिलाई में बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रा ने की आत्महत्या

दुर्ग जिले के भिलाई से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है।
भिलाई के घासीदास नगर इलाके में एक 17 वर्षीय छात्रा ने बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका की पहचान नारायणी साहू के रूप में हुई है, जो कक्षा दसवीं की छात्रा थी। वह हाउसिंग बोर्ड स्थित आत्मानंद विद्यालय में अध्ययनरत थी। नारायणी अपने माता-पिता और चार बहनों के साथ घासीदास नगर में रहती थी।

परिजनों के अनुसार सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे नारायणी अपना बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी। परिवार ने बताया कि वह अपनी पढ़ाई को लेकर गंभीर और मेहनती छात्रा थी। बड़ी बहन के मुताबिक नारायणी को अपनी तैयारी पर पूरा भरोसा था और वह परीक्षा को लेकर सजग थी। सोमवार रात तकरीबन 12 बजे तक वह अपनी बहनों के साथ पढ़ाई करती रही।

लेकिन मंगलवार सुबह जब उसकी मां उठीं, तो उन्होंने अपनी बेटी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखते ही मां चीख उठीं। उनकी आवाज सुनकर पिता और अन्य बहनें भी मौके पर पहुंचीं। घर में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना तत्काल पड़ोसियों और पुलिस को दी गई।
जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

एक होनहार छात्रा का इस तरह असमय चले जाना न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे इलाके के लिए गहरा सदमा है। परीक्षा का दबाव हो या कोई अन्य मानसिक कारण — फिलहाल यह जांच का विषय है।

यह घटना एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक स्थिति और परीक्षा के दबाव को लेकर परिवार और समाज को अधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है।

By editor