भिलाई में गरीबों पर चला बुलडोजर, काम अधूरा छोड़ निगम गायब

भिलाई के वार्ड क्रमांक 6 स्थित संजय नगर श्रमिक बस्ती में नाला और सड़क निर्माण के नाम पर गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा करीब 15 से 20 दिन पहले तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई, जिसमें कई गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए गए। लेकिन हैरानी की बात यह है कि कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों की परेशानियां और भी बढ़ गई हैं।

बस्ती में रहने वाले लोगों का कहना है कि अधूरे पड़े नाले से भारी गंदगी और बदबू फैल रही है। इतना ही नहीं, नाले से निकलकर सांप, बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़े घरों में घुस रहे हैं, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों की जान को खतरा बना हुआ है।

वहीं, खुले और उजड़े इलाकों के कारण चोरी और असामाजिक तत्वों का डर भी लगातार लोगों को सता रहा है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनके पास अब न तो सुरक्षित रहने का ठिकाना है और न ही उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी।

स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद और नगर निगम अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कोई सुनवाई हुई और न ही समस्या का समाधान किया गया। यहां तक कि कलेक्टर तक अपनी बात पहुंचाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बस्तीवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि नाले का निर्माण तिरछे तरीके से किया जा रहा है, जबकि इसे सीधा बनाया जा सकता था। उनका कहना है कि बड़े स्तर पर किए गए अतिक्रमण को नजरअंदाज कर गरीबों के घरों को तोड़ना प्रशासन के दोहरे रवैये को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों में अब आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जोरदार आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल, यह देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवारों को राहत कब मिलती है।

By editor