भिलाई-चरोदा में कांग्रेस का हंगामा, शिक्षा नीति के खिलाफ प्रदर्शन

भिलाई-चरोदा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप है कि नई शिक्षा नीति के तहत गरीब बच्चों के एडमिशन में भारी कटौती की गई है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने पुतला दहन किया। पंचशील नगर चरोदा स्थित स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कांग्रेस कमेटी चरोदा मंडल के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राज्य की भाजपा सरकार ने RTE के तहत नर्सरी, केजी-1 और केजी-2 में एडमिशन बंद कर दिया है, साथ ही कक्षा पहली की सीटों में भी भारी कटौती की गई है। कांग्रेस का कहना है कि जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की गई थी, वहीं वर्तमान सरकार इस व्यवस्था को खत्म कर रही है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष जहां RTE के तहत 4267 सीटें थीं, वहीं इस वर्ष इसे घटाकर मात्र 1425 कर दिया गया है, यानी 2842 सीटों की कटौती की गई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर गरीब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और इस आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की। वही कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही यह आदेश वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में सर्व शिक्षा अभियान के तहत आरटीई लागू करने का एकमात्र उद्देश्य था कि सभी बच्चों को शिक्षा प्रदान हो सके परंतु वर्तमान की छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इस पर कैंची चला दी है जिसे लेकर कांग्रेसियों के साथ-साथ आम जनमानस में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है देखना होगा की आने वाले समय में प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस फरमान को वापस लेती है या फिर यही नया नियम बन जाता है।।

By editor