बैकुंठधाम के पास पेड़ पर लटका मिला शव

भिलाई के बैकुंठधाम तालाब के सामने उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर जैसे ही इस पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई… जिसके बाद छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान शांति नगर निवासी अजय अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि घटना सुबह के समय की है, जब लोग रोज की तरह टहलने निकले थे… लेकिन इस दृश्य ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।

यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और अकेलेपन की गंभीर समस्या की ओर इशारा करती है…

By editor