दुर्ग जिले के एक निजी कॉलेज में बजट युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ शंकराचार्य इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर आईपी मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने युवाओं से बजट को लेकर संवाद किया और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है। इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, युवा स्किल डेवलपमेंट, गर्ल्स हॉस्टल और डिफेंस सेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी पाने वाला ही नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे उनकी शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बोहरा ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में युवाओं को कई बार धरना-प्रदर्शन करना पड़ा, जबकि वर्तमान में युवा खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने युवाओं को नशे की ओर धकेला, जबकि वर्तमान सरकार स्किल डेवलपमेंट पर जोर दे रही है। शराबबंदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इसका वादा किया था, लेकिन भाजपा ने कभी ऐसी घोषणा नहीं की। भाजपा सरकार अपने वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। वहीं नाबालिग से गैंगरेप की घटना पर उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार और पुलिस ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और दोषियों के खिलाफ ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पंडरिया विधायक का भावना बोहरा ने भी पूर्व की कांग्रेस की सरकार को युवाओं का विरोधी बताया और कांग्रेस के 2018 के घोषणा पत्र पर भी सवाल उठाए और भारतीय जनता पार्टी को उपस्थित जन समूह के सामने एक सशक्त दूरदर्शी बताने का प्रयास किया।।

