दुर्ग से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। छावनी क्षेत्र के कैंप-02 स्थित एक ड्राय फ्रूट की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक, छावनी क्षेत्र में स्थित “ज्योति एंटरप्राइजेस” नामक दुकान में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने जैसे ही धुआं देखा, तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में धुआं आग की लपटों में तब्दील हो गया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन माना जा रहा है कि दुकान में रखा महंगा ड्राय फ्रूट और सूखे मेवे का स्टॉक पूरी तरह जल गया है, जिससे व्यापारी को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है।
दुर्ग के छावनी क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर विद्युत सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

