तेज रफ्तार KTM पेड़ से टकराई, दो किशोर गंभीर

भिलाई से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत टाउनशिप इलाके में आज सुबह करीब 7 बजकर 15 मिनट पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि पांडे चौक, सेक्टर-4 के पास सेंट्रल एवेन्यू रोड पर तेज रफ्तार से दौड़ रही एक KTM बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम दोनों का लगातार इलाज कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान दिव्य कुमार और अक्षत चंद्राकर के रूप में हुई है। इनमें से एक किशोर सेक्टर-3 का निवासी है, जो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान का पुत्र बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उसका मित्र है, जो रिसाली क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों ही दसवीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई भट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन विवेचना जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार पर लगाम कब लगेगी।

By editor