छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं रजत जयंती के अवसर पर बेमेतरा स्थित बेसिक स्कूल मैदान में राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे — श्री विजय बघेल, सांसद दुर्ग लोकसभा। साथ ही अनेक विशिष्ट अतिथि भी शामिल रहे वही कार्यक्रम में कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू सहित अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। विभागीय सहभागिता वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, स्कूल शिक्षा विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनसंपर्क विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग आदि ने अपने-अपने प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से श्री भाग्यलक्ष्मी स्व-सहायता समूह (ग्राम बेरला परियोजना) को ₹1,00,000 का चेक प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन योजना) के अंतर्गत ग्राम बाबा मोहतरा के श्री भिखारीराम साहू एवं श्री सहदेव साहू तथा ग्राम चोरभट्टी के श्री शिवदयाल को मसूर बीज मिनी किट वितरित किए गए। तत्पश्चात अतिथियों के उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि — छत्तीसगढ़ महतारी के रजत जयंती के अवसर पर हम सब गर्व महसूस कर रहे हैं। हमारे राज्य ने 25 वर्षों में अद्भुत प्रगति की है। यह प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होते राज्यों में एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की अविरल धारा में आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, लोककला और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। अंत में अतिथियों ने सभी विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनता से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।।

