कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान भड़की आग, 2 आरक्षक झुलसे

दुर्ग जिले के उतई में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने अब प्रदेशभर में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है… और यही आक्रोश अब सड़कों पर भी नजर आने लगा है।

इस जघन्य अपराध के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज उतई में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा उस वक्त और बढ़ गया जब उन्होंने डिप्टी सीएम विजय शर्मा का पुतला फूंकने की कोशिश की।

जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को संभालने के लिए पुतला छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात अचानक बेकाबू हो गए और इसी अफरा-तफरी के बीच आग भड़क उठी।

इस आग की चपेट में आने से मौके पर मौजूद दो पुलिस आरक्षक बुरी तरह झुलस गए। घायल जवानों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

इस पूरे मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है और मासूम बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन इस घटना को गंभीर साजिश के तौर पर देख रहा है। एएसपी मणि शंकर चंद्रा के मुताबिक, आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान किसी उपद्रवी तत्व ने पीछे से पेट्रोल फेंका, जिससे आग अचानक भड़क गई और पुलिसकर्मी उसकी चपेट में आ गए।

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि राजनीतिक प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By editor